गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर जिले के दीनानगर कस्बे में उस वक्त मातम पसर गया, जब यहां के रहने वाले एक युवक की इंग्लैंड के बर्मिंघम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर आई। 27 वर्षीय नमन खुल्लर पांच साल पहले सुनहरे भविष्य के सपने लेकर विदेश गया था, लेकिन 11 जनवरी को उसकी मौत की सूचना ने परिवार को तोड़कर रख दिया है। परिजनों ने अब अपने बेटे के शव को भारत लाने के लिए केंद्र और पंजाब सरकार से मदद की अपील की है।
रात को मां से की बात, सुबह आई मौत की खबर
मृतक के पिता पवन कुमार ने बताया कि उनका बेटा नमन बर्मिंघम में रहता था और वहां एक पाकिस्तानी महिला के पास डिलीवरी बॉय का काम करता था। 10 जनवरी की रात को उसने अपनी मां और दोनों छोटे भाइयों से फोन पर सामान्य रूप से बात की थी। काम खत्म करने के बाद वह अपने कमरे पर लौट आया था। सब कुछ ठीक लग रहा था, लेकिन अगली सुबह यानी 11 जनवरी को अचानक उसकी मौत की सूचना मिली। बेटे की मौत किन हालातों में हुई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, जिससे मामला संदिग्ध बना हुआ है।
घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था नमन
परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं है। पिता पवन कुमार चाय बेचकर गुजारा करते हैं, जबकि नमन के दो छोटे भाई एक मोबाइल की दुकान पर काम करते हैं। नमन ही घर का मुख्य सहारा और इकलौता बड़ा कमाने वाला सदस्य था। उसकी कमाई से ही घर की बड़ी जिम्मेदारियां पूरी होती थीं। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर न केवल दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, बल्कि वे आर्थिक अनिश्चितता में भी घिर गए हैं। बूढ़े माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
सांसद रंधावा और सरकार से मदद की अपील
दुख की इस घड़ी में बेबस पिता ने अपने बेटे के अंतिम दर्शनों के लिए सरकार से आस लगाई है। पवन कुमार ने गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा को पत्र लिखकर मदद मांगी है। पीड़ित परिवार ने केंद्र और पंजाब सरकार से गुहार लगाई है कि नमन के शव को जल्द से जल्द भारत वापस लाने के लिए दूतावास से संपर्क साधा जाए, ताकि वे अपने बेटे का विधि-विधान से अंतिम संस्कार कर सकें।

A young man from Punjab has died under suspicious circumstances in England. He had gone abroad five years ago








