
चंडीगढ़: पंजाब में भारी बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के कारण मची तबाही के बीच गुरु नानक देव जी का ‘किरत करो, वंड छको’ (मेहनत करो और बांटकर खाओ) का फलसफा एक बार फिर जीवंत हो उठा है। राज्य के 1300 से ज्यादा गांव और लगभग 3 लाख एकड़ फसल 15 फीट तक पानी में डूबे हैं, लेकिन इस मुश्किल घड़ी में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पूरा पंजाब एकजुट हो गया है। समाजसेवी संस्थाओं से लेकर पंजाबी और बॉलीवुड के सितारे तक, हर कोई अपने-अपने स्तर पर मदद के लिए आगे आ रहा है।

इस सेवा की सबसे बड़ी मिसाल बाबा दीप सिंह सेवा दल गढ़दीवाल और 13-13 सोसाइटी ने पेश की है। जैसे ही बाढ़ के हालात बिगड़े, सेवा दल ने भोगपुर के बलजीत सिंह गिल से फोन पर पीड़ितों को निकालने के लिए नावों की मदद मांगी। इसके बाद जो हुआ, वह हैरान करने वाला था। बलजीत गिल ने बताया कि उन्होंने रात 12 बजे अपने परिवार और दोस्तों को फोन करना शुरू किया और सुबह 8 बजे तक बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 1 करोड़ 35 लाख रुपये की विशाल राशि इकट्ठा हो गई। अब इस राशि से लगातार राशन, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान प्रभावित इलाकों में पहुंचाया जा रहा है।
पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री और बॉलीवुड भी इस मुश्किल में पंजाब के साथ खड़ा है। मशहूर गायक जसबीर जस्सी सोशल मीडिया के जरिए लगातार लोगों से मदद की अपील कर रहे हैं और उन्होंने इस मुहिम में सलमान खान से भी सहयोग मांगा है। कॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी मदद का ऐलान किया है। वहीं, गायक करण औजला और सतिंदर सरताज की फाउंडेशन की टीमें घर-घर जाकर बाढ़ पीड़ितों तक जरूरी सामान पहुंचा रही हैं। इस आपदा के समय में प्रशासन के साथ-साथ देश और विदेश में बसे पंजाबी समुदाय ने भी एकजुटता दिखाते हुए मदद के लिए अपने हाथ बढ़ा दिए हैं।
View this post on Instagram


1.35 crores were raised overnight










